करमेर गांव में बढ़ी गंदगी, बीमारी फैलने का खतरा !!
डीएम व सीएमओ को पत्र भेजकर ग्रामीणों ने सफाई, फॉगिंग और मेडिकल कैंप की मांग की
उरई (जालौन)। करमेर गांव में बढ़ती गंदगी और मच्छरों के प्रकोप के चलते ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है। इस संबंध में अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के जिलाध्यक्ष उदयभान राजपूत के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी और सीएमओ को पत्र भेजकर तत्काल साफ-सफाई एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाएं कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी व सीएमओ को दिए गए पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जगह-जगह फैली गंदगी के कारण मच्छर पनप रहे हैं। इससे डेंगू, मलेरिया और वायरल बुखार जैसी बीमारियां तेजी से फैलने की आशंका है। ग्रामीणों के अनुसार कई लोग इस समय गंभीर रूप से बीमार भी हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि गांव में जल्द से जल्द व्यापक सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव और फॉगिंग तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम बुलाकर गांव में मेडिकल कैंप लगाए जाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाने से बीमारियों के फैलाव पर रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने जनहित में प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। पत्र पर ग्राम करमेर के ग्रामीणों की ओर से उदयभान राजपूत के हस्ताक्षर किए गए हैं।
Orai, Jalaun | Sep 2, 2026