ऑपरेशन दहन: जालौन में 31.23 किलो मादक पदार्थ नष्ट, कीमत करीब 18.60 लाख रुपये
उरई (जालौन)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत जालौन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मुकदमों में बरामद 31.231 किलोग्राम मादक पदार्थ का न्यायालय से अनुमति प्राप्त करने के बाद विनष्टीकरण कराया। पुलिस के अनुसार नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 60 हजार 550 रुपये है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देश पर चल रहे अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों में लंबित मादक पदार्थों से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गठित ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में 31 अगस्त 2026 को बरामद मादक पदार्थों को राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई की इंसीनरेटर (भट्ठी) में नष्ट किया गया।
पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस कार्रवाई में 27.39 किलोग्राम गांजा और 245 ग्राम चरस का विनष्टीकरण किया गया।
छह माह में 1658 किलो से अधिक मादक पदार्थ नष्ट: जालौन पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, 1 मार्च से 31 अगस्त 2026 तक “ऑपरेशन दहन” अभियान के अंतर्गत जनपद में बरामद मादक पदार्थों के विनष्टीकरण की कार्रवाई की गई। इस दौरान—
16 अप्रैल 2026: 681.15108 किलोग्राम
21 मई 2026: 843.59562 किलोग्राम
30 जून 2026: 102.049 किलोग्राम
31 अगस्त 2026: 31.23 किलोग्राम
इस प्रकार अब तक कुल 1658.0257 किलोग्राम मादक पदार्थ का विनष्टीकरण किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार इनकी अनुमानित कीमत करीब 9 करोड़ 89 लाख 69 हजार 430 रुपये है।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान के तहत आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
Orai, Jalaun | Aug 31, 2026