चेन स्नेचिंग करने वाला आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
पैर में गोली लगी, तमंचा-कारतूस समेत लूटा गया मंगलसूत्र, बाइक और मोबाइल बरामद
उरई (जालौन)। कोतवाली उरई पुलिस ने चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, सोने का मंगलसूत्र, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को कोतवाली उरई क्षेत्र में रघुवीर धाम के पास पैदल जा रही एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर आरोपी फरार हो गया था। मामले में पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली उरई में मुकदमा दर्ज किया गया था।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली उरई पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की एक संदिग्ध से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक मुठभेड़ में असमान खान पुत्र वहीद खान, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी ग्राम खेड़ा बेड़ा, थाना कोंच, जनपद जालौन के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
ये सामान हुआ बरामद: पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सोने का मंगलसूत्र व पांच सोने की मोती, घटना में प्रयुक्त लाल रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, लावा कंपनी का मोबाइल फोन और 510 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने 28 अगस्त को महिला के गले से मंगलसूत्र झपटने की घटना स्वीकार की। आरोपी कथित तौर पर लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था, लेकिन उचित कीमत नहीं मिलने के कारण उसे बेच नहीं पाया।
पुलिस ने मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जनपदों एवं थानों से जुटाई जा रही है।
Orai, Jalaun | Sep 2, 2026