अतिवृष्टि से खरीफ फसलों को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग
खेतों में पानी भरने से तिल, मूंग और उड़द की फसलें हुईं बर्बाद; किसानों ने सौंपा ज्ञापन
उरई (जालौन)। जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश से खरीफ की फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है। खेतों में पानी भरने के कारण तिल, मूंग, उड़द समेत कई फसलें जलमग्न होकर खराब हो गई हैं। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है।
फसल नुकसान से चिंतित भारतीय किसान यूनियन, जालौन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। किसानों ने मांग की कि अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त फसलों का खेतवार सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।
ज्ञापन में किसान नेताओं ने कहा कि बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसलें नष्ट होने से किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है। उन्होंने मांग की कि नुकसान का आकलन कर आपदा राहत कोष एवं फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को क्षतिपूर्ति दिलाई जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके।
ज्ञापन देने वालों में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन, जिलाध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र सिंह निरंजन, डॉ केदारनाथ निरंजन, मंडल अध्यक्ष डकोर भारत सिंह और द्विजेंद्र सिंह निरंजन सहित अन्य किसान पदाधिकारी मौजूद रहे।
Orai, Jalaun | Aug 31, 2026