जिउतिया के दिन काव नदी में डूबी दूसरी बच्ची का शव तीन दिन बाद बरामद
रोहतास जिले दावथ प्रखंड क्षेत्र के बक्सर बॉर्डर पर स्थित काव नदी के पचधरवा पुल के नीचे जिउतिया व्रत के दिन स्नान करने के दौरान तेज बहाव में बही दो बच्चियों में से दूसरी बच्ची का शव तीन दिन बाद मंगलवार को बरामद किया गया। इससे पहले एक बच्ची का शव रविवार को एसडीआरएफ की टीम ने काव नदी और ढोरा नदी के संगम के पास से बरामद किया था।
थानाध्यक्ष मनीष पंजियारा ने बताया कि मंगलवार को एसडीआरएफ टीम ने लगातार खोजबीन के बाद नावानगर प्रखंड क्षेत्र के धनबखरा से दोपहर करीब दो बजे दूसरी बच्ची का शव बरामद किया। मृतका की पहचान धवई निवासी भीम सिंह की 10 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि जिउतिया पर्व के दिन काव नदी के पचधरवा पुल के नीचे दो बच्चियां स्नान कर रही थीं। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आने से दोनों बह गई थीं। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम लगातार नदी में दोनों बच्चियों की तलाश कर रही थी। रविवार को एक बच्ची का शव बरामद होने के बाद मंगलवार को दूसरी बच्ची का शव भी मिल गया।
काजल का शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी मातम पसरा रहा। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया।