सासाराम बाईपास का लोकार्पण, आलोक कुमार सिंह ने कहा- विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सासाराम। रोहतास जिले के समग्र विकास और आधुनिक बुनियादी ढांचे की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण सौगात जुड़ी। सासाराम में बेदा से मोकर तक सिंचाई नहर के बांध पर आरओबी/पुल सहित करीब 122.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बहुप्रतीक्षित दो-लेन सासाराम बाईपास पथ का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में किया गया। इस अवसर पर दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
विधायक आलोक कुमार सिंह ने कहा कि दशकों पुरानी जनआकांक्षा पूरी होने से सासाराम शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। बाईपास के शुरू होने से शहर को जाम की समस्या से राहत मिलने के साथ आवागमन अधिक सुविधाजनक और तेज होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र में व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और एनडीए सरकार के प्रयासों से बिहार में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। सासाराम बाईपास भी इसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी है।
लोकार्पण कार्यक्रम में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, डेहरी विधायक सोनू सिंह, करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह, चेनारी विधायक मुरारी प्रसाद गौतम, नोखा विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी, सासाराम नगर निगम की मेयर काजल कुमारी सहित पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी और एनडीए के कार्यकर्ता मौजूद रहे।