ट्विंकल महाजन ने बढ़ाया चंबा का मान, नॉर्थ जोन सॉफ्ट टेनिस लीग में जीता कांस्य पदक; अहमदाबाद नेशनल के लिए चयन
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो चंबा।
अस्मिता सॉफ्ट टेनिस लीग नॉर्थ जोन इंडिया में हिमाचल प्रदेश की ओर से शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला चंबा की ट्विंकल महाजन और शिमला की काव्या ने डबल्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया है। दोनों खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले से पहले जम्मू-कश्मीर की टीम को हराकर यह उपलब्धि अपने नाम की। उनकी इस सफलता से हिमाचल प्रदेश सहित जिला चंबा का गौरव बढ़ा है।
14 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिले। ऐसे में हिमाचल की दोनों खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल, खेल कौशल और बेहतर प्रदर्शन के दम पर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि पर उन्हें 4,000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम दोनों खिलाड़ियों को आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के रूप में मिला है। ट्विंकल महाजन और काव्या का चयन अहमदाबाद में आयोजित होने वाली नेशनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
इस उपलब्धि पर कोच रविन्द्र और हिमाचल प्रदेश सॉफ्ट टेनिस के अध्यक्ष नवीन मेहता ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता प्रदेश के अन्य उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
वहीं, ट्विंकल महाजन ने अपनी सफलता का श्रेय स्कूल प्रबंधन, कोच और नवीन मेहता के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सॉफ्ट टेनिस एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी प्रशांत शर्मा का भी विशेष आभार व्यक्त किया।
ट्विंकल की इस उपलब्धि से चंबा के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। अब जिलेवासियों को उम्मीद है कि अहमदाबाद में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी ट्विंकल महाजन और काव्या शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करेंगी।