ग्राम पंचायत तागी के टाटरी गांव में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, सचिन ठाकुर ने सुनीं लोगों की समस्याएं
पंचायत प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा; समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने का दिया आश्वासन
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
युवा कांग्रेस नेता सचिन ठाकुर ने ग्राम पंचायत तागी के टाटरी गांव में युवा संवाद कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और मांगों को सुना। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
सचिन ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने बैठक के दौरान जो समस्याएं और मांगें उनके समक्ष रखी हैं, उन्हें उनके पिता एवं एपीएमसी चंबा के अध्यक्ष श्री ललित ठाकुर के माध्यम से संबंधित विभागों और अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि समस्याओं का समाधान करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और इस दिशा में वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए जनता के बीच जाकर संवाद करना बेहद जरूरी है। इस तरह के संवाद कार्यक्रमों से लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों को उचित मंच तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तागी की प्रधान सुमना देवी, उपप्रधान देवराज शर्मा, वार्ड सदस्य कुशल, रजनी, नरेश, महेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सचिन ठाकुर ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं, बुजुर्गों और महिला शक्ति से मिला मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद उनके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के स्नेह, सहयोग और विश्वास को बनाए रखते हुए जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।