बिजली तार और ट्रांसफार्मर चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार; 20 कांडों का खुलासा
मुजफ्फरपुर पुलिस ने बिजली तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही और पूछताछ के आधार पर जिले के विभिन्न थानों में दर्ज कुल 20 कांडों का उद्भेदन किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा पूर्वी-1 और पश्चिमी-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम में पानापुर ओपी (मीनापुर) थाना पुलिस को भी शामिल किया गया।
पुलिस ने 11 सितंबर को तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चांदनी चौक स्थित एक कबाड़ दुकान पर छापेमारी की। वहां से चोरी के सामान के साथ छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में कांटी निवासी मोहम्मद छोटू, मोहम्मद अफरोज, प्रमोद साह और अजय कुमार, मोतीपुर निवासी बागेंद्र पासवान तथा बोचहां निवासी आदित्य कुमार शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने विभिन्न थानों में दर्ज बिजली तार और ट्रांसफार्मर चोरी के 20 मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें पानापुर ओपी (मीनापुर), कांटी, पानापुर करियात और कथैया थाना क्षेत्र के कई मामले शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पानापुर ओपी कांड संख्या 196/26, 320/26, 344/26 और 397/26, कांटी थाना के कई कांड, पानापुर करियात थाना के चार कांड तथा कथैया थाना के तीन कांडों का खुलासा हुआ है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।