कृषि योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, 60 किसानों की प्रतिदिन बने फार्मर रजिस्ट्री आईडी
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स एवं आत्मा शासी परिषद की बैठक हुई। इसमें कृषि, आत्मा, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, सहकारिता और सिंचाई विभाग की किसान हितकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी ने प्रतिदिन कम से कम 60 रैयत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का निर्देश दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्य जल्द पूरा हो सके। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से वंचित पात्र किसानों को शीघ्र लाभ दिलाने तथा क्रॉप सर्वे की प्रगति में तेजी लाने को कहा गया। जिले में दलहन का रकबा बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में 9 और 10 अक्टूबर को गांधी मैदान में आयोजित होने वाले किसान मेला-सह-प्रदर्शनी की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और सभी प्रखंडों से अधिकाधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि किसान मेला को उपयोगी और किसान-केंद्रित बनाया जाए। मेले में दलहन, तिलहन, मत्स्य पालन, पोल्ट्री, जैविक एवं प्राकृतिक खेती से जुड़ी नई तकनीकों और सफल कृषि मॉडल की जानकारी किसानों तक पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया। विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और सफल किसानों के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों की जानकारी दी जाएगी।