DM ने दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा उत्सव का किया उद्घाटन
लोकसंस्कृति, पारंपरिक कलाओं और युवा प्रतिभाओं का अनूठा संगम जमुई में शुक्रवार की शाम 5:00 बजे के बाद तक देखने को मिला। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का उद्घाटन जिलाधिकारी ने अन्य जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर व गुब्बारा उड़ा कर किया।
दो दिवसीय इस उत्सव के पहले दिन लोकगीत, लोकनृत्य और चित्रकला समेत विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया, जिससे पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर हो गया।
उत्सव के पहले दिन छठ गीत, लोकनृत्य, पूरबी लोकगीत, पारंपरिक गोदना गीत, सोहर और कजरी जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से बिहार की लोकआस्था, परंपरा और ग्रामीण जीवन की जीवंत तस्वीर पेश की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही हमारी सांस्कृतिक विरासत की वास्तविक संवाहक है। आज के युवा ही कल हमारी लोककला, लोकगीत और पारंपरिक विधाओं को आगे बढ़ाते हुए उन्हें वैश्विक पहचान देंगे। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने, स्थानीय कला एवं संस्कृति के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने और अपनी उपलब्धियों से जमुई का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करना, स्थानीय लोककला का संरक्षण करना तथा उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार, कला संस्कृति पदाधिकारी विकेश कुमार, मद्य निषेध अधीक्षक सुभाष कुमार, सिंचाई प्रमंडल जमुई के कार्यपालक अभियंता गौतम कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। #jamui #dmjamui #spjamui #zilaprashasanjamui #viralreelsシ
Jamui, Jamui | Oct 31, 2026