*बस्ती में CDO सार्थक अग्रवाल सख्त: बैंकों की धीमी प्रगति पर लगाई फटकार, बोले- ऋण फाइल लटकाई तो होगी प्रतिकूल कार्रवाई*
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में आज डी.सी.सी./डी.एल.आर.सी. की बैठक मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गयी।
सीडीओ ने वार्षिक ऋण योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष काफी धीमी प्रगति पाए जाने पर बैंक प्रतिनिधियों को सख्त निर्देश दिया और कहा कि उदासीनता बरतने पर प्रतिकूल कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि स्वरोजगार की दिशा में युवाओं और महिलाओं की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाय।
सीडीओ ने डीसी मनरेगा संजय शर्मा को निर्देशित किया कि प्रत्येक सप्ताह ऋण पत्रावलियों पर विशेष निगरानी की जाय। बैंक के अधिकारी ऋण आवेदनों को पूरी पारदर्शिता से स्वीकृत करें और अस्वीकृत करने की दशा में स्पष्ट कारण का उल्लेख अवश्य करें।
मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि आर.सी. के मामलों में बैंक प्रतिनिधि अपने-अपने शाखाओं के बकायेदारों की आरसी जारी करें और पात्र किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लायें। बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पी.एम. स्वनिधि, पशुपालन, मत्स्य विभाग, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों को प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराने की समीक्षा की गयी।
बैठक में मौजूद विधायक हर्रैया प्रतिनिधि सरोज मिश्र, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, सदर के मु. सलीम तथा महादेवा के फूल चन्द्र श्रीवास्तव ने सामूहिक रूप से ऋण पत्रावलियों के काफी समय से लंबित रहने पर नाराजगी व्यक्त की। सरोज मिश्र ने कहा कि शासन की योजनाओं के तहत उदारतापूर्वक ऋण पत्रावलियों को स्वीकृत किया जाय, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिले तथा युवाओं की प्रगति का आधार मजबूत हो।
बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से जुड़ी दो महिला लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। बैठक का संचालन एलडीएम आर.एन. मौर्या ने किया। इसमें डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, डीडीएम नाबार्ड मनीष कुमार, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, कृषि अधिकारी डा. बाबूराम मौर्या, खादी ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दूबे, कार्यकारी अधिकारी मत्स्य संदीप वर्मा सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि अधिकारी उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 25, 2026