*डारीडीहा में लगा निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर: ग्रामीणों को मिले कानूनी अधिकारों की जानकारी, DLSA ने दिया मदद का भरोसा*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026*
ग्रामीण नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध निःशुल्क विधिक सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी द्वारा प्राथमिक विद्यालय डारीडीहा में विधिक जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), बस्ती के सचिव देवेंद्र कुमार-प्रथम के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लिया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। टीम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल शैलजा पाण्डेय, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल नीतीश कुमार श्रीवास्तव तथा पैरालीगल वालेंटियर बृजबासी लाल शुक्ला, प्रसाद मौर्या, अरविन्द कुमार यादव, अनिल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लोक अदालत, महिला एवं बाल अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण, साइबर अपराध से बचाव, आरटीआई सहित विभिन्न कानूनी विषयों पर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। जरूरतमंद लोगों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल कौशल किशोर श्रीवास्तव ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सहायता की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से किसी विधिक समस्या की स्थिति में DLSA से संपर्क कर उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। पैरालीगल वालंटियर टीम ने भी लोगों को विधिक जानकारी दी।
ट्री इनिशिएटिव्स सोसाइटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जानकारी के अभाव में कई लोग अपने कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता का लाभ नहीं उठा पाते। संस्था का प्रयास ऐसे लोगों तक सही कानूनी जानकारी पहुंचाकर उन्हें न्याय की प्रक्रिया से जोड़ना है।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ल, कोषाध्यक्ष राम कृष्ण पटेल, वालेंटियर अब्दुर रहीम और दिलीप वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन में ग्राम पंचायत डारीडीहा के सचिव राघवेंद्र प्रताप सिंह और प्राथमिक विद्यालय डारीडीहा के प्रभारी सुजीत कुमार का विशेष सहयोग रहा।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 25, 2026