*बस्ती में चीनी को लेकर प्रशासन अलर्ट: एडीएम ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने ली मिल मालिकों और थोक विक्रेताओं की बैठक, बोले- रेट से ज्यादा बेचा या स्टॉक रोका तो होगी कड़ी कार्रवाई*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026*
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, सचिव मण्डी समिति, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, बभनान, मुण्डेरवा एवं रूधौली चीनी मिल के प्रतिनिधियों तथा थोक विक्रेताओं ने भाग लिया।
बैठक में रूधौली चीनी मिल के प्रतिनिधि ने चीनी का थोक मूल्य 5320 रुपये प्रति कुंतल, बभनान चीनी मिल के प्रतिनिधि ने 5411 रुपये प्रति कुंतल एवं मुण्डेरवा चीनी मिल के प्रतिनिधि ने 6200 रुपये प्रति कुंतल बताया। मिल प्रतिनिधियों ने बताया कि चीनी 03 श्रेणी की होती है। प्रथम श्रेणी में सल्फरलेस चीनी होती है, जिसका खुदरा मूल्य 65 रुपये प्रति किग्रा है, द्वितीय श्रेणी में सल्फरयुक्त चीनी जिसका खुदरा मूल्य 60 से 62 रुपये प्रति किग्रा है, तृतीय श्रेणी में महीन दाने वाली चीनी जिसका खुदरा मूल्य 59 रुपये प्रति किग्रा है।
बैठक में थोक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि चीनी मिल से प्राप्त होने वाली चीनी का विक्रय नियमानुसार खुदरा व्यापारियों को करते हुए स्टॉक की अद्यतन स्थिति दैनिक रूप से ऑनलाइन अपडेट करें तथा किसी भी स्थिति में चीनी का विक्रय बाजार मूल्य से अधिक मूल्य पर न किया जाये और चीनी का स्टॉक होल्ड न किया जाये।
चीनी मिल के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की गयी कि भारत सरकार द्वारा जनपद हेतु आवंटित कोटे के अनुसार थोक विक्रेताओं को चीनी का विक्रय नियमानुसार किया जाये। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में चीनी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, चीनी की कोई कमी नहीं है। इसलिए जनता चीनी की कमी की अफवाह से बचे और दैनिक उपभोग हेतु सामान्य रूप से चीनी का उपयोग करे। अफवाह के भ्रम में आकर चीनी की खरीद अधिक मूल्य पर न करें।
एडीएम ने चेतावनी दी कि अवैध भण्डारण करने, गलत सूचना या अफवाह फैलाने की स्थिति में दोषी पाए गए व्यक्ति के विरुद्ध विधिक एवं विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 25, 2026