*त्योहार पर मिठास में जहर नहीं: बस्ती में खाद्य विभाग का सघन अभियान, चार दुकानों से सैंपल लेकर जांच को भेजा, गंदगी पर नोटिस*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026*
आगामी रक्षाबन्धन पर्व को देखते हुए जनपद बस्ती में मिलावटी खाद्य और पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में मंगलवार को सहायक आयुक्त खाद्य / अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने उपजिलाधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न बाजारों में छापेमारी कर प्रवर्तन की कार्रवाई की।
अभियान के दौरान टीम ने कुल चार प्रतिष्ठानों से संदिग्ध मिठाइयों के नमूने संकलित किए। इसमें काला जाम का 01 नमूना, कलाकंद का 01 नमूना, छेना मिठाई का 01 नमूना तथा बूंदी के लड्डू का 01 नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद मानकों पर खरा न उतरने वाले कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही टीम ने मौके पर साफ-सफाई और स्वच्छता में कमी पाए जाने पर कुल 04 खाद्य कारोबारकर्ताओं को नोटिस जारी किया है। उन्हें अपनी दुकानों और कारखानों में स्वच्छता बनाए रखने और मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई है।
सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि खाद्य टीम द्वारा सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 व नियमावली 2011 के प्रावधानों के अन्तर्गत विक्रय व विनिर्माण की दशाओं के प्रति जागरूक किया गया। सभी को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों के ही विक्रय के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों पर मिठास में मिलावट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा, नरेश कुमार तिवारी एवं श्रीमती अंकिता सहित पूरी टीम मौजूद रही।
अधिकारी ने बताया कि रक्षाबंधन तक यह विशेष अभियान पूरे जनपद में निरन्तर जारी रहेगा और आगे भी इसी तरह सैंपलिंग और जांच की कार्रवाई चलती रहेगी ताकि आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सके।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 25, 2026