*बस्ती में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव सख्त: बोले- 1 करोड़ से ऊपर की एक भी परियोजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता से समझौता किया तो होगी कार्रवाई*
जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026
आयुक्त सभागार, बस्ती में आज मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के तीनों जनपदों बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर में संचालित विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की परियोजनावार विस्तार से समीक्षा की गई।
*मंडलायुक्त का सख्त रुख, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश -*
मंडलायुक्त श्रीवास्तव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। बजट की आवश्यकता होने पर शासन को मांग पत्र समय से प्रेषित कर धनराशि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।जिन परियोजनाओं की प्रगति धीमी है, वहां कार्य की गति तत्काल बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना में शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं तकनीकी विशिष्टताओं का कड़ाई से पालन हो। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति एवं उपयोग की जा रही सामग्री का सत्यापन करें। गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
*मंडलायुक्त की कार्यशैली की चर्चा -*
बता दें कि मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव अपनी तेज तर्रार और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। वे लगातार फील्ड में जाकर खुद परियोजनाओं का निरीक्षण करते हैं। उनका मानना है कि सरकारी पैसा जनता का पैसा है, इसलिए उसकी एक-एक पाई का सही उपयोग होना चाहिए। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लेट-लतीफी और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आपसी समन्वय के साथ काम कर लक्ष्य को समय पर पूरा किया जाए।
बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम ने किया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सिद्धार्थनगर के बलराम सिंह, संतकबीर नगर के जयकेश त्रिपाठी, संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 25, 2026