*रक्षाबंधन पर बाजार में बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल, 9 क्विंटल संदिग्ध खोया जब्त होने से हड़कंप, खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल*
*जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026*
रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक आते ही बाजार में मिठाइयों की मांग कई गुना बढ़ गई है, लेकिन बाजार में बिक रही मिठाइयों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिस स्तर पर खाद्य सुरक्षा विभाग को जांच करनी चाहिए, उस स्तर पर जांच नहीं हो पा रही है, जिससे मिलावटखोर बेखौफ होकर सक्रिय हैं।
हालांकि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद विभाग ने कार्रवाई शुरू की है। सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को बड़ेवन के पास वाहन संख्या UP-78 LN-8348 को पकड़ा, जिसमें उन्नाव से बस्ती-गोरखपुर जा रहा लगभग 9 क्विंटल खोया और 1 क्विंटल बूंदी दाना बरामद हुआ। विभाग ने 5 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं और माल को जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई शुरू की है।
*लेकिन सवाल बरकरार है -*
त्योहार के समय शहर की सभी बड़ी मिठाई दुकानों, होटलों और खोया मंडियों में जिस सघन जांच अभियान की जरूरत है, वह जमीन पर नहीं दिख रहा है। अभी तक विभाग सिर्फ 8 नमूने ही ले पाया है, जबकि जनपद में सैकड़ों दुकानों पर खुलेआम खोया, पनीर और रंगीन मिठाइयां बिक रही हैं। 8 कारोबारियों को सिर्फ नोटिस देकर छोड़ देना क्या मिलावट पर रोक लगा पाएगा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि जांच सिर्फ दिखावे के लिए सड़क पर आते-जाते वाहनों तक सीमित है, जबकि बाजार के अंदर बिक रही बासी और मिलावटी मिठाइयों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी, सुभेष कुमार, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा, नरेश कुमार तिवारी और अंकिता मौजूद रहीं। विभाग का कहना है कि अभियान जारी रहेगा, लेकिन जनता को अब बड़े और सख्त एक्शन का इंतजार है, ताकि त्योहार पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
Basti, Basti | Aug 25, 2026