बस्ती जिले में चीनी की कोई किल्लत नहीं चार लाख कुंतल से ज्यादा स्टॉक मौजूद है बस्ती जिले में " जिला पूर्ति अधिकारी बस्ती
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 25 अगस्त 2026
जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला ने बताया है कि जनपद में संचालित चीनी मिलों, थोक व्यापारियों एवं खुदरा व्यापारियों के स्टॉक की रैंडम जांच/सत्यापन आपूर्ति शाखा एवं विपणन शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की संयुक्त टीम के माध्यम से कराया गया।
जांच में रूधौली स्थित चीनी मिल में 31513 कुंटल, बभनान स्थित चीनी मिल में 262977 कुंटल, मुण्डेरवा स्थित चीनी मिल में 139697 कुंटल चीनी का स्टॉक पाया गया। इसके अलावा थोक व्यापारियों के पास 8120 कुंटल एवं खुदरा व्यापारियों के पास 7970 कुंटल, इस प्रकार दिनांक 23 अगस्त 2026 तक जनपद में थोक एवं खुदरा व्यापारियों के पास कुल 16090 कुंटल चीनी उपलब्ध है।
उन्होने बताया कि चीनी का थोक मूल्य प्रति कुंटल 5780/- से 6300/- तथा खुदरा मूल्य प्रति किलो 59/- से 65/- के मध्य पाया गया। जांच टीम के स्थलीय सत्यापन/निरीक्षण में कही भी चीनी का अवैध अथवा लिमिट से अधिक भण्डारण नही पाया गया। जनपद में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध है, गुणवत्ता के अनुसार चीनी का मूल्य 59 से 65 रुपये तक है। उन्होंने बताया कि चीनी की उपलब्धता एवं वितरण के सम्बन्ध में दिनांक 24 अगस्त 2026 को जिलाधिकारी द्वारा समीक्षा बैठक की गई, जिसमें निर्देशित किया गया कि जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मण्डी समिति एवं जिला पूर्ति अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा चीनी के आमद एवं विक्रय पर सतत् निगरानी रखी जायेगी।
इस सम्बन्ध में दिनांक 25 अगस्त 2026 को जिला पूर्ति कार्यालय में जिला गन्ना अधिकारी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, सचिव मण्डी समिति, तीनों चीनी मिल के प्रतिनिधियों, जनपद के थोक व्यापारियों/प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त बैठक की गई, जिसमें निर्देश दिया गया कि चीनी मिलों तथा थोक व्यापारियों द्वारा चीनी के स्टॉक की मात्रा को नियमित रूप से ऑनलाइन अपडेट किया जायेगा, अवैध ओवर लिमिट भण्डारण नही किया जायेगा तथा चीनी का विक्रय बाजार मूल्य से अधिक मूल्य पर नही किया जायेगा।
उन्होंने सख्त चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति चीनी की कमी की अफवाह न फैलायें। कोई भी व्यापारी चीनी की कमी का भय दिखाकर अधिक मूल्य न लें, आने वाले दिनों में चीनी के मूल्य में कमी की सम्भावना है। अवैध भण्डारण करने, गलत सूचना या अफवाह फैलाने की स्थिति में दोषी पाये गये व्यक्ति के विरूद्ध विधिक/विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Aug 25, 2026