चौरई में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
=========================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ग्रामीण विकास को गति देने, सामाजिक संस्थाओं को संगठित एवं सक्षम बनाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विकासखंड चौरई में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रस्फुटन समिति प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रस्फुटन समितियों की कार्यप्रणाली को सुदृढ़ बनाने, दस्तावेजीकरण, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं जनभागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एकल विद्यालय के जिला अध्यक्ष श्री रामवेद चौरसिया उपस्थित थे। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन, विकासखंड समन्वयक श्रीमती अफ्शा खान, कृषि विकास अधिकारी श्रीमती निराली आर्य, परामर्शदाता श्री संदीप शर्मा, श्री मनीष तिवारी, श्री गहर सिंह मेंहदोले, श्री अकील अहमद, श्रीमती संगीता पांडे तथा नवांकुर संस्था के प्रतिनिधि श्री रामदयाल यादव की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
दस्तावेजीकरण से मजबूत होगी समितियों की कार्यप्रणाली - प्रशिक्षण के दौरान जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण की आवश्यकता एवं प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक संस्था की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने में अभिलेखों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इसके लिए समिति की बैठक कार्यवाही पंजी, सूचना पंजी, गतिविधियों का विवरण, आय-व्यय का लेखा-जोखा, बिल-वाउचर तथा बैंक संबंधी अभिलेखों का नियमित एवं सुव्यवस्थित संधारण आवश्यक है। दस्तावेजीकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि समिति के कार्यों की प्रामाणिकता, निरंतरता और विश्वसनीयता का आधार है। उन्होंने समितियों को आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी प्रदान की।
सामाजिक दायित्वों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाएं समितियां - विकासखंड समन्वयक श्रीमती अफ्शा खान ने प्रशिक्षण की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, सामाजिक दायित्वों और उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने समितियों को अपने क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों के संचालन और जनभागीदारी बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि श्री रामवेद चौरसिया ने कहा कि प्रस्फुटन समितियां ग्रामीण समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम हैं। समाज की वास्तविक समस्याओं को समझना, उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सामाजिक गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करना समितियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने समितियों के सदस्यों से समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शासकीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने का किया आह्वान - प्रशिक्षण में कृषि विकास अधिकारी श्रीमती निराली आर्य ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके उद्देश्य, लाभ एवं पात्रता संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने प्रस्फुटन समिति के सदस्यों को ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री मनीष तिवारी ने किया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रस्फुटन समितियों को अपने संगठनात्मक दायित्वों के प्रति जागरूक करने, अभिलेखीय व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा ग्रामीण विकास में प्रभावी जनभागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh