जल संचय अभियान के तहत उमरघोड़ की टाकिया नदी में 60 से 70 बोरियों से किया बोरी बंधान
ग्रामीणों ने लिया जल संरक्षण का संकल्प
===========================
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान एवं विभागीय कार्ययोजना के तहत जल संचय अभियान अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड जुन्नारदेव द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विशेष पहल की गई। जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने की उपस्थिति में ग्राम पंचायत हनोतिया के ग्राम उमरघोड़ स्थित टाकिया नदी में स्वैच्छिकता, सामूहिकता, स्वावलंबन एवं श्रमदान के माध्यम से बोरी बंधान किया गया।
इस अभियान में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम में अध्ययनरत समाज कार्य के स्नातक एवं स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नवांकुर संस्था पंख सामाजिक विकास संस्थान, नगर विकास प्रस्फुटन समिति जुन्नारदेव वार्ड क्रमांक 13 एवं रानी सुमन सामाजिक विकास समिति जुन्नारदेव ने संयुक्त रूप से सहभागिता की। सभी के सामूहिक प्रयासों से टाकिया नदी में लगभग 60 से 70 बोरियों का विशाल बोरी बंधान किया गया।
इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने बताया कि सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बोरी बंधान, सोख गड्ढे एवं अन्य जल संरचनाओं के निर्माण से जल स्रोतों का संरक्षण संभव है। गांव-गांव में चौपाल बैठक, रैली एवं चर्चा के माध्यम से लोगों को जल बचाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सामाजिक कार्यकर्ता श्री सरजू विश्वकर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में बड़ी नदियां भी गर्मी के मौसम में सूखने लगी हैं। ऐसे में उनके कैचमेंट क्षेत्र अर्थात छोटे नदी-नालों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। बोरी बंधान इस दिशा में एक प्रभावी पहल है। श्रीमती दीपा पाटिल ने ग्रामीणों से अपील की कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने गिरते भूजल स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
श्रीमती योगिता मर्सकोले ने कहा कि जन अभियान परिषद द्वारा ''घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में और खेत का पानी खेत में'' की अवधारणा पर कार्य किया जा रहा है। सोख गड्ढे, बोरी बंधान एवं खेत तालाबों के माध्यम से जल संरक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्र-छात्राएं एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्य विगत कई वर्षों से स्वैच्छिक रूप से जल संरक्षण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती निमांशी रामपुरे एवं श्री अमरदीप इरपाची द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने, श्री सरजू विश्वकर्मा, श्रीमती योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम, श्री अमरदीप इरपाची, सुश्री इशरत मंसूरी, श्रीमती निमांशी रामपुरे, श्रीमती रानू यदुवंशी, श्री भारत इवनाती, श्रीमती डॉली साहू, श्रीमती मीना सोनवंशी, श्री मनीराम यदुवंशी, श्री राम यदुवंशी, श्री राजा यदुवंशी, श्रीमती कम्मी मर्सकोले, श्री शुक्रचंद उईके सहित अन्य ग्रामीणों का विशेष सहयोग रहा।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh