अनुशासन, सेवा और नेतृत्व क्षमता का पाठ सीखकर संपन्न हुआ जिला स्तरीय द्वितीय सोपान स्काउट एवं गाइड जांच शिविर
लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, पांच दिवसीय आवासीय शिविर में बच्चों ने सीखे जीवनोपयोगी कौशल
===========================
भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ के वार्षिक कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय द्वितीय सोपान स्काउट एवं गाइड जांच शिविर का पांच दिवसीय आवासीय आयोजन 13 से 17 नवंबर 2026 तक जिला प्रशिक्षण केंद्र छिंदवाड़ा में किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला कमिश्नर स्काउट श्री जे.के. इडपाचे के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर के समापन अवसर पर आयोजित ग्रैंड कैंप फायर कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ के अध्यक्ष श्री विनोद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त एवं राज्य संघ उपाध्यक्ष श्री तुकाराम दुर्गे ने की। विशेष अतिथि के रूप में जिला संघ उपाध्यक्ष श्रीमती बी. अनुराधा नायडू, श्री अखिलेश चौहान, श्री मनोज आरपुरे एवं डीओसी स्काउट श्री नरेंद्र कुमार शर्मा उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउटिंग-गाइडिंग की परंपरा के अनुसार अतिथियों एवं पदाधिकारियों का स्कार्फ एवं बैगेल लगाकर स्वागत कर किया गया। इसके पश्चात स्काउट एवं गाइड के बच्चों ने लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
पांच दिवसीय शिविर में स्काउट एवं गाइड के प्रवेश से द्वितीय सोपान तक की जांच परीक्षा आयोजित की गई। इसमें स्काउट-गाइड नियम, प्रतिज्ञा, इतिहास, पायनियरिंग, कंपास, गांठें, प्राथमिक उपचार एवं पट्टियां बांधने सहित विभिन्न विषयों पर प्रतिभागियों के ज्ञान एवं कौशल का परीक्षण किया गया। परीक्षा में सफल होने वाले स्काउट एवं गाइड को आगामी संभाग स्तरीय शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
मुख्य अतिथि श्री विनोद तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्काउट एवं गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। शिविर में बच्चे अनुशासन, सेवा, सहयोग और आत्मनिर्भरता का पाठ सीखते हैं। यहां बिताए गए पांच दिन उनके जीवन में हमेशा यादगार रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री तुकाराम दुर्गे ने सभी प्रतिभागियों को शुभाशीष देते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से बच्चों ने नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ अपने व्यक्तित्व को निखारने का अवसर प्राप्त किया है। उन्होंने शिविर की सफलता के लिए प्रशिक्षण मंडल एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी। अन्य अतिथियों ने भी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आयोजन की सराहना की।
शिविर संचालक श्री अजय कुमार धुर्वे ने पांच दिवसीय आवासीय शिविर के दौरान आयोजित गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी शिविर प्रतिवेदन के माध्यम से प्रस्तुत की। शिविर के संचालन में श्रीमती रिजवाना परवीन ने सहयोग किया। वहीं सहयोगी के रूप में श्री नकुल खपरे, श्री श्रीकांत नागवंशी, श्री मनीष कुमार जैन, श्री राजेंद्र कुमार सोनी, श्रीमती अंजू राजपूत एवं श्रीमती संगीता रोचवानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में श्रीमती रिजवाना परवीन ने आभार व्यक्त किया तथा मंच संचालन श्री राजेंद्र कुमार सोनी ने किया।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh