बिछुआ में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
25 प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
==========================
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम के मार्गदर्शन में विकासखंड बिछुआ में प्रस्फुटन शक्ति संचय अभियान अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड की सभी 25 प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों ने सहभागिता कर विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने समितियों, नवांकुर संस्थाओं एवं परामर्शदाताओं को जन अभियान परिषद के कार्यों की कार्ययोजना, कार्यों की समीक्षा तथा आगामी गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने जल संरक्षण, बोरी बंधान, समितियों के कार्यों की विवेचना, दस्तावेजीकरण एवं अभिलेख संधारण के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों की जानकारी देते हुए प्रस्फुटन समितियों की भूमिका पर प्रकाश डाला। नवांकुर संस्था खमरा के श्री विजय वर्मा ने प्रस्फुटन समितियों को स्वयंसेवी संगठन के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया समझाई।
नवांकुर संस्था ग्राम कल्याण सेवा समिति सोनपुर के उपाध्यक्ष श्री नरेश डवरे ने संवाद कौशल के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। साथ ही समितियों के दस्तावेजीकरण, बिल-वाउचर के संधारण तथा समय-समय पर ऑडिट की प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने की जानकारी दी।
श्री दीपक गेडाम ने समितियों को समाज और सरकार के बीच सेतु के रूप में कार्य करने की आवश्यकता बताते हुए ग्रामों में युवाओं, बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के सहयोग से सामाजिक गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया। उन्होंने समितियों के अध्यक्षों, सचिवों एवं नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए गए कार्यों की प्रगति संबंधी जानकारी भी साझा की।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री रामासिंग पटेल ने समितियों के सामाजिक योगदान तथा जल, जंगल, जमीन एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता श्री अयोध्या प्रसाद सोनी एवं श्री हरिश्चंद्र चौधरी का भी विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रशिक्षण में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं से श्री मनोज जैन, श्री विजय वर्मा, श्री सुनील कोचे, श्री नरेश डवरे एवं श्री भजनलाल वर्मा सहित परामर्शदाता श्री योगेश बोपचे, श्री लक्ष्मीधर माहोरे, श्री विशाल बघेले, श्री किसना बोसम एवं श्रीमती सुमन सोनकुंवर उपस्थित थे। इसके साथ ही विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं पदाधिकारी भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में परामर्शदाता श्री योगेश बोपचे द्वारा सभी सहभागियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh