#सफलता_की_कहानी
समूह से मिला संबल,ऋण से बढ़ी आजीविका—पुष्पा कुंवर बनीं ‘लखपति दीदी’
नीमच, 7 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित #ग्रामीण_आजीविका_मिशन महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। नीमच विकासखंड के ग्राम सरवानियाबोर की श्रीमती पुष्पा कुंवर इसकी प्रेरक मिसाल हैं।
वर्ष 2019 में पदमावती आजीविका स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद पुष्पा कुंवर ने एमडीएम एवं पत्तल-दोना निर्माण को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया। समूह से उन्हें 1.50 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण प्राप्त हुआ, जिसका उपयोग उन्होंने अपनी आजीविका गतिविधि को आगे बढ़ाने में किया। समूह को आरएफ, सीआईएफ एवं सीसीएल के माध्यम से भी वित्तीय सहयोग मिला।
समूह से जुड़ने से पहले पुष्पा कुंवर की व्यक्तिगत मासिक आय मात्र 4 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 18,500 रुपये हो गई है। परिवार की मासिक आय भी 9 हजार रुपये से बढ़कर 21 हजार रुपये हो गई। आर्थिक सशक्तिकरण के साथ वे ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने पक्का मकान बनवाया, कार एवं बाइक खरीदी तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने में सक्षम हुई हैं।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अमन वैष्णव के मार्गदर्शन में जिले में ग्रामीण आजीविका गतिविधियों और महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने के प्रयासों को गति दी जा रही है। मिशन के माध्यम से समूहों को वित्तीय एवं आजीविका संबंधी सहयोग उपलब्ध कराकर महिलाओं को आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
पुष्पा कुंवर की सफलता अब व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। उनकी पहल से महिलाएं स्वरोजगार की ओर बढ़ रही हैं। सरवानियाबोर में आज 21 महिला स्व-सहायता समूह गठित हो चुके हैं।
श्रीमती पुष्पा कुंवर बताती हैं कि समूह से मिला सहयोग और ऋण मेरे लिए आत्मनिर्भर बनने का आधार बना है । आज मैं अपने परिवार को बेहतर जीवन देने के साथ अन्य महिलाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही हूं।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#NRLM
#Neemuch
#नीमच