डिप्टी कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण
व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नीमच, 5 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धार्वे ने शनिवार को जिला चिकित्सालय नीमच का आकस्मिक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. महेंद्र पाटिल एवं सहायक प्रबंधक (अस्पताल प्रशासन) डॉ. जनमेजय शाक्य उपस्थित रहे।
डिप्टी कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति पंजी तथा ड्यूटी रोस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर सार्थक पोर्टल एवं उपस्थिति पंजी में उपस्थिति दर्ज करने तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों को मेनू अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन, प्रत्येक बेड पर बेडशीट एवं अटेंडेंट के लिए स्टूल, पर्याप्त पेयजल तथा स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वार्डों के टॉयलेट के समीप हैंडवॉश डिस्पेंसर लगाने, आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक, मच्छरों से बचाव तथा मैटरनिटी वार्ड में वेंटिलेशन बेहतर करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में कमी पाए जाने पर संबंधित सफाई सुपरवाइजर को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही सफाई कर्मचारियों को निर्धारित यूनिफॉर्म में कार्य करने के लिए निर्देशित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बिना टोकन वार्डों में प्रवेश रोकने के निर्देश सुरक्षा गार्ड एवं होमगार्ड को दिए गए।
डिप्टी कलेक्टर ने मरीजों से निःशुल्क दवाओं एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने अस्पताल में निःशुल्क दवाएं एवं उपचार सुविधाएं मिलने की जानकारी दी। अस्पताल में पेयजल, विद्युत, भोजन एवं सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
उन्होंने अस्पताल में संचालित ट्रामा केयर, आईसीयू, सर्जरी, एक्स-रे, सीटी स्कैन, डायलिसिस, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी, प्रसूति एवं नवजात शिशु उपचार तथा 108 एम्बुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता की भी जानकारी ली।
अंत में डिप्टी कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को सभी आउटसोर्स सेवाओं की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित करने तथा मरीजों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त स्टाफ को अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच
3 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026