शिक्षक दिवस पर जिले में 415 प्राचार्य एवं शिक्षक सम्मानित
उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, श्रेष्ठ प्रदर्शन एवं शैक्षणिक नवाचार के लिए किया गया सम्मान
नीमच, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के नीमच, जावद एवं मनासा विकासखंड में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किए गए। सांदीपनि विद्यालय नीमच, सांदीपनि विद्यालय जावद एवं सांदीपनि विद्यालय मनासा में आयोजित समारोहों में बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों एवं विषय शिक्षकों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
समारोह में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यालयों के प्राचार्य एवं संबंधित विषय शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 90 से 100 प्रतिशत के मध्य परीक्षा परिणाम प्राप्त करने वाले प्राचार्यों, कक्षा 5वीं एवं 8वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा शैक्षणिक क्षेत्र में नवाचार करने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया।
जिले के तीनों विकासखंडों में आयोजित समारोहों में कुल लगभग 415 प्राचार्य एवं शिक्षक सम्मानित हुए। इस अवसर पर शिक्षकों के समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में उनके योगदान की सराहना की गई।
जावद में आयोजित समारोह में विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नीमच में विधायक श्री दिलीप सिंह परिहार एवं भाजपा जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में समारोह आयोजित हुआ। मनासा में विधायक श्री अनिरुद्ध माधव मारू तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव की उपस्थिति में शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न हुआ।
समारोह का उद्देश्य उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य करने वाले शिक्षकों एवं प्राचार्यों को प्रोत्साहित करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित करना रहा।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of School Education, Madhya Pradesh
#शिक्षक_दिवस
#Neemuch
#नीमच
5 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026