जावद में भव्यता से मनाया गया ‘श्रीकृष्ण पर्व’
निमाड़ी लोकधुनों और सुमधुर भजनों से कृष्णमय हुआ सांवलिया सेठ मंदिर परिसर जावद
नीमच, 5 सितंबर 2026। श्रीकृष्ण पाथेय न्यास, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन नीमच के संयुक्त तत्वावधान में जावद के सांवलिया सेठ मंदिर परिसर एवं वीरेंद्र कुमार सकलेचा सामुदायिक भवन में ‘श्रीकृष्ण पर्व’ का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों ने सहभागिता कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और लोक संस्कृति का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक श्री ओमप्रकाश सकलेचा, नयागांव नगर पंचायत अध्यक्ष श्री मुकेश जाट, जावद नगर पंचायत अध्यक्ष श्री सोहन माली, जनपद पंचायत जावद अध्यक्ष श्री गोपाल चारण, एसडीएम श्री संजीव साहू, तहसीलदार श्री बालकृष्ण मकवाना सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एसडीएम श्री संतोष साहू ने अतिथियों का स्वागत किया।
सांस्कृतिक संध्या में राज्य शिखर सम्मान-2020 से सम्मानित प्रसिद्ध निमाड़ी लोक कलाकार श्रीमती पूर्णिमा चतुर्वेदी एवं उनकी मंडली ने लोकगीतों और निमाड़ी लोकधुनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके बाद भोपाल की शास्त्रीय गायिका सुश्री नम्रता कुशवाह ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।
उल्लेखनीय है कि जावद क्षेत्र का श्रीमद्भागवत परंपरा से विशेष धार्मिक एवं ऐतिहासिक जुड़ाव माना जाता है। मध्यप्रदेश शासन की ‘श्रीकृष्ण पाथेय योजना’ के अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास की दिशा में जावद को भी शामिल किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सोहनी जैन ने किया। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Culture, Madhya Pradesh
#श्री_कृष्ण_पर्व
#Neemuch
#नीमच
3 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Sep 5, 2026