जिला पंचायत सीईओ ने किया जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण
व्यवस्थाओं में सुधार और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
नीमच, 7 सितंबर 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव ने सोमवार को जिला चिकित्सालय नीमच का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अस्पताल प्रबंधन एवं प्रशासनिक व्यवस्था में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन्म एवं मृत्यु पंजीयन इकाई में 1 अप्रैल 2026 के बाद जन्मे बच्चों की संख्या तथा जारी किए गए जन्म प्रमाण-पत्रों की जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
मातृ एवं शिशु इकाई में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए तैनात सुरक्षा गार्डों को पूर्ण दक्षता एवं मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। शारीरिक रूप से कमजोर अथवा कर्तव्य के प्रति निष्ठापूर्वक ड्यूटी नहीं करने वाले सुरक्षा गार्डों को हटाने के निर्देश भी दिए गए।
अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था के संबंध में सफाई सुपरवाइजर को वार्डों में सामान्य कचरा नहीं रखने तथा सभी वार्डों का सामान्य कचरा एक निर्धारित स्थान पर एकत्रित कर उसका उचित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, मरीजों के सहायकों द्वारा गैलरी में भोजन करने के बजाय निर्धारित प्रतीक्षालय/वेटिंग एरिया का उपयोग करने तथा मातृ एवं शिशु इकाई में रंगाई-पुताई का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था करने तथा ओपीडी एवं आईपीडी पंजीयन इकाई के बाहर शेड लगाने के निर्देश भी दिए गए।
दंत चिकित्सा इकाई के निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की ओपीडी पंजी का अवलोकन किया गया तथा सभी दंत चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. महेन्द्र पाटिल,आरएमओ डॉ. मनीष यादव एवं सहायक प्रबंधक (अस्पताल प्रशासन) डॉ. जन्मेजय शाक्य उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
#Neemuch
#नीमच