• प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 896 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
• 409 गर्भवती महिलाएं हाई रिस्क के रूप में चिन्हांकित
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार डेहरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अभियान के तहत प्रत्येक माह की 09 एवं 25 तारीख को जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों पर गर्भवती महिलाओं की जांच, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक परामर्श प्रदान किया जाता है। अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं की गर्भावस्था एवं प्रसव के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 09 सितम्बर 2026 को जिले में कुल 896 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें 409 गर्भवती महिलाओं को हाई रिस्क के रूप में चिन्हांकित किया गया। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी विशेष निगरानी एवं आवश्यक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाती है, ताकि प्रसव के दौरान होने वाली संभावित जटिलताओं को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
निःशुल्क मिलती हैं विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाएं एवं चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी विशेष देखभाल की व्यवस्था की जाती है। प्रसव के दौरान जटिल स्थिति उत्पन्न होने पर उच्च चिकित्सा केन्द्रों में रेफर करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच के लिए निःशुल्क पिकअप एवं ड्रॉप की सुविधा भी प्रदान की जाती है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर नियमित प्रसव पूर्व जांच एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लें।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
25 views | Sehore, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026