• 70वीं राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती, ग्रीको रोमन एवं वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
• 9 संभागों के 800 प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिभा का प्रदर्शन
सीहोर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय कुश्ती, ग्रीको रोमन एवं वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान, सीहोर में किया गया। राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में प्रदेश के नौ संभागों से कुश्ती, ग्रीको रोमन एवं वेटलिफ्टिंग विधाओं के चयनित खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में लगभग 800 प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने खेल कौशल, अनुशासन एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम श्री ब्रजेश सक्सेना ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं संघर्ष करने की भावना विकसित होती है।
शालेय खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे जीत और हार से ऊपर उठकर अपनी श्रेष्ठ क्षमता का प्रदर्शन करें। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ-साथ आपसी समन्वय और अनुशासन भी विकसित करती हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी अताउल्ला खान ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा, आवास, भोजन, खेल मैदान तथा प्रतियोगिता से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
प्रतियोगिता के विभिन्न मुकाबलों में खिलाड़ी पदक एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए मैदान में उतरेंगे। कुश्ती एवं ग्रीको रोमन के मुकाबले शासकीय कन्या महाविद्यालय के इंडोर हॉल में तथा वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान के हॉल में आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री शीलू शर्मा, आवासीय विद्यालय के प्राचार्य श्री आलोक शर्मा सहित खेल विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक तथा खिलाड़ी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore