स्वच्छ पाठशाला में विद्यार्थियों ने ली स्वच्छता की शपथ
जहानाबाद : स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत शुक्रवार को ग्राम पंचायत सिकरिया स्थित उच्च विद्यालय उमता धरनई में स्वच्छ पाठशाला कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मियों ने स्वच्छता की शपथ लेते हुए विद्यालय, घर, गांव और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय परिसर की साफ-सफाई रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को गंदा नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।
विद्यालय में आयोजित गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि स्वच्छ विद्यालय से ही स्वच्छ समाज की मजबूत नींव तैयार होती है। उन्हें स्वच्छता का संदेश घर और समुदाय तक पहुंचाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जिले में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 17 और 18 सितंबर को स्वच्छ पाठशाला गतिविधि के माध्यम से विद्यालयों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।