जनता दरबार में 53 शिकायतों की सुनवाई, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित ग्राम फ्लेक्स भवन में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में आमजनों की 53 शिकायतों की सुनवाई की गई। डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में तालाब से अतिक्रमण हटाने व उड़ाही, भूमि परिमार्जन, ऑनलाइन जमाबंदी, नल-जल योजना, पथ निर्माण, विद्यालय के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने, नाली-जल निकासी, जन वितरण प्रणाली, पशुपालन ऋण, विद्युत पोल व तार, कब्रिस्तान घेराबंदी, राशन कार्ड, मंडई वियर परियोजना के रैयतों के मुआवजा भुगतान, भूमि मापी व कब्जा, भूमि विवाद, ट्राई साइकिल, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग से संबंधित मामले सामने आए।
डीएम ने भूमि विवाद, परिमार्जन, भूमि मापी एवं कब्जे से जुड़े मामलों में राजस्व पदाधिकारियों को स्थल सत्यापन कर कार्रवाई करने को कहा। वहीं मुआवजा भुगतान, राशन कार्ड, विद्युत, सड़क, नाली-गली और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में भी शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का संवेदनशील, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया।