9वें राष्ट्रीय पोषण माह का भव्य शुभारंभ, डीएम ने कहा- अभियान को बनाएं जनआंदोलन
लखीसराय। जिले में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का विधिवत शुभारंभ बुधवार को जिला स्तर पर आयोजित वेबकास्टिंग कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार सहित उपस्थित पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर की।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पम्मी रानी, जिला योजना पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग धीरज कुमार, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी चौबे समेत अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के काशी नगरी से प्रसारित राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ कार्यक्रम का वेबकास्टिंग के माध्यम से अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में पोषण अभियान, आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास में आंगनवाड़ी सेवाओं के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। सभी के सामूहिक सहयोग से पोषण माह को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि पोषण माह को महज एक अभियान तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और कर्मियों को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने निर्देश दिया कि पोषण माह के दौरान जिले में आयोजित होने वाली प्रत्येक गतिविधि की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध प्रविष्टि जन आंदोलन डैशबोर्ड पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने तथा पोषण संबंधी जागरूकता संदेशों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया।
उन्होंने किराये के भवन में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों को सरकारी भवन उपलब्ध होने की स्थिति में वहां स्थानांतरित करने का निर्देश दिया। साथ ही पांच आंगनवाड़ी केंद्रों को मॉडल केंद्र के रूप में सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त विकसित करने का निर्देश भी दिया।
डीएम ने कहा कि पोषण अभियान की सफलता के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। व्यापक जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से कुपोषण की रोकथाम, बच्चों के बेहतर विकास और स्वस्थ परिवार के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, जिला समन्वयक, राष्ट्रीय पोषण मिशन के कर्मी, जिला परियोजना सहायक, जिला मिशन समन्वयक, महिला सशक्तिकरण हेतु जिला हब के प्रतिनिधि, सभी प्रखंड समन्वयक एवं विभिन्न परियोजनाओं की महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
Lakhisarai, Lakhisarai | Sep 9, 2026