अटल किसान मजदूर कैंटीन योजना से किसानों और मजदूरों को मिल रही बेहतरीन और सस्ती भोजन सुविधा
यमुनानगर, 16 अक्टूबर। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा किसानों और मजदूरों को जिले की अनाज मंडियों में सस्ती दरों पर बेहतरीन भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा है। अटल कैंटीन सेल्फ हेल्प ग्रुप द्वारा संचालित की जा रही है, जोकि महिलाओं और अन्य को रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य कृषि कार्यों में जुटे किसानों, खेतिहर मजदूरों तथा अनाज मंडियों में काम करने वाले श्रमिकों को किफायती दरों पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें कार्यस्थल के नजदीक ही भोजन की सुविधा मिल सके और समय और श्रम की बचत हो सके।
उन्होंने बताया कि यह योजना फरवरी 2020 में हरियाणा में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा प्रारंभ की गई थी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस योजना को मजबूती प्रदान की जिसमें तहत अनाज मंडियों और श्रमिक क्षेत्रों में किसानों और मजदूरों को मात्र 10 रुपये में भरपेट पौष्टिक भोजन (रोटी, सब्जी, दाल, चावल आदि) उपलब्ध कराया जाता है। थाली की कुल लागत 25 रुपये है, जिसमें से 10 रुपये ग्राहक देता है और 15 रुपये सरकार कैंटीन चलाने वालों को सब्सिडी देती है। इस योजना के तहत निर्धारित मंडियों एवं अन्य चयनित स्थानों पर स्थापित कैंटीनों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। इससे किसानों और मजदूरों को भोजन के लिए दूर नहीं जाना पड़ता तथा उनके समय और पैसे की बचत होती है।
उपायुक्त प्रीति ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीफ सीजन में किसानों और मजदूरों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाए और उन्हें मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं। कैंटीनों में स्वच्छता, भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित दरों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि लाभार्थियों को योजना का पूरा फायदा मिल सके।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि इस योजना के तहत अनाज मंडियों में खुलने वाली कैंटीनों के संचालन की जिम्मेदारी हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपी गई है। कैंटीन का संचालन करके स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नियमित काम और आय का साधन मिल रहा है, जिससे उनकी आजीविका को मजबूती मिल रही है। महिलाओं को खाद्य प्रबंधन, कैंटीन संचालन और स्वरोजगार से जुडऩे का प्रत्यक्ष मंच प्राप्त हो रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से किसानों और मजदूरों से अपील की जाती है कि वे इस योजना का लाभ उठाएं। कैंटीनों की उपलब्धता, भोजन की निर्धारित दरों और संचालन संबंधी जानकारी के लिए संबंधित मार्केट कमेटी कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अटल कैंटीन का औचक निरीक्षण करें और भोजन की गुणवत्ता का ध्यान रखें।