यमुनानगर, 16 अक्तूबर- जिला नगर योजनाकार राजेश कुमार ने बताया कि अर्बन एरिया यमुनानगर जगाधरी में पड़ने वाले राजस्व संपदा यमुनानगर, तहसील जगाधरी, जिला यमुनानगर में एक अनाधिकृत कालोनियां विकसित की जा रही थी। इन अवैध कालोनियों के विरूद्ध इस कार्यालय द्वारा जिला प्रशासन की सहायता से तोडऩे की कार्यवाही की गई है। उपायुक्त प्रीति के यमुनानगर के आदेशानुसार कार्यवाही के दौरान जिला नगर योजनाकार अपने स्टाफ सहित, अजीत सिंह एसडीओ यूएचबीवीएन जो कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए डयूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर नियुक्त किए गए थे तथा थाना प्रबंधक, राज्य प्रवर्तन ब्यूरो, यमुनानगर अपने दल-बल सहित तोड़-फोड़ के दौरान मौके पर उपस्थित रहे। इस दौरान जिला नगर योजनाकार, यमुनानगर द्वारा इन अवैध कालोनियों जिनका क्षेत्रफल लगभग 2 एकड़ है, में बनी कच्ची सड़कों को तोड़ा गया।
जिला नगर योजनाकार, यमुनानगर द्वारा बताया गया है कि चूककर्ताओं को अर्बन एरिया एक्ट नम्बर 8 ऑफ 1975 के तहत नियमानुसार नोटिस जारी किये गए थे तथा चूककर्ताओं द्वारा विभागीय आदेशों की पालना नहीं की गई तथा भू-मालिकों आदि द्वारा अवैध कालोनी की स्थापना करने से पहले आवश्यक अनुमति नहीं लेने के कारण इस अवैध कालोनी / निर्माण पर तोड़-फोड़ की कार्यवाही की गई।
जिला उपायुक्त, यमुनानगर तथा जिला नगर योजनाकार अधिकारी द्वारा आमजन से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति किसी अवैध कालोनी में कोई भी प्लाट आदि की खरीद फरोख्त न करें। यदि फिर भी कोई व्यक्ति अवैध कालोनी/निर्माण करता हुआ पाया गया तो उसके लिए वह स्वयं जिम्मेवार होगा तथा जिला प्रशासन द्वारा भविष्य में भी नियमानुसार कार्यवाही जारी रहेगी।