हिंदू गर्ल्स कॉलेज जगाधरी में छात्राओं के लिए दंत चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन
हिंदू गर्ल्स कॉलेज जगाधरी में एनसीसी तथा एंटी.टोबैको एवं एंटी.ड्रग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में डीएवी डेंटल कॉलेज की टीम के सहयोग से छात्राओं के लिए दंत चिकित्सा जाँच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के दाँतों की जाँच करना तथा उन्हें दाँतों की उचित देखभाल और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर डीएवी डेंटल कॉलेज, यमुनानगर से डॉ स्वाति अपनी टीम के साथ महाविद्यालय पहुँचीं। उन्होंने अपनी टीम के साथ छात्राओं के दाँतों की जाँच की तथा उन्हें नियमित रूप से ब्रश करने दाँतों को स्वस्थ रखने और दाँतों से संबंधित समस्याओं के प्रति सावधान रहने के बारे में आवश्यक जानकारी दी। इस गतिविधि में महाविद्यालय की लगभग 250 छात्राओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
महाविद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मोनिका खुराना ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ.साथ उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के स्वास्थ्य जाँच शिविर छात्राओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और अच्छी आदतें ही बेहतर जीवन का आधार हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
इस कार्यक्रम की इंचार्ज कैप्टन निधि सैनी एवं डॉ स्वाति रहीं। डीएवी डेंटल कॉलेज की टीम ईशु, अदिति , दीक्षा, नैना के सहयोग से आयोजित यह गतिविधि छात्राओं के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रही।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री राकेश मोहन ने इस सफल आयोजन के लिए डीएवी डेंटल कॉलेज की टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रकार की स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को छात्राओं के लिए लाभकारी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।