- सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर हादसों से बचें: घनश्याम दास अरोड़ा
- नगर निगम द्वारा एमएलएन कॉलेज में किया सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- लघु नाटिका व फिल्मों से दिया यातायात नियमों का पालन करने का संदेश
यमुनानगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम की ओर से शुक्रवार को मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कॉलेज प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल, मार्केट कमेटी जगाधरी के चेयरमैन विपुल गर्ग, समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित मांकट व अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों ने लघु नाटिका के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुति के जरिए यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर जिम्मेदारी से वाहन चलाने के प्रति जागरूक किया। वहीं, एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन संस्था की ओर से लघु फिल्मों के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई। इनके जरिए विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क हादसों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, कॉलेज प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल और डॉ. महेश ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता को जरूरी बताया। नगर निगम के सहायक अभियंता मृणाल जैयसवाल, राजेश शर्मा और सोशल मीडिया सेल प्रभारी मुक्ता ने विधायक घनश्याम दास अरोड़ा सहित अन्य अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि यह जीवन अनमोल है। यातायात नियमों की अवहेलना कर हमें सड़क हादसों में इस जीवन को न गवाएं। यातायात नियमों का पालन कर खुद भी सुरक्षित रहें, दूसरे को भी सुरक्षित रखें। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क हादसे का कारण बन सकती है। ऐसे में वाहन चलाते समय सावधानी बरतने और नियमों का पालन करने की आदत अपनानी चाहिए। प्राचार्य डाॅ. मनोहर गोयल ने कहा कि हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करना और निर्धारित गति सीमा का पालन करना सड़क हादसों से बचाव में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमन सग्गड़, पार्षद विभोर पाहुजा, पार्षद प्रियांक शर्मा, डा. श्रीप्रकाश, डा. प्रवीण खुराना, डा. अमनदीप बतरा, बबीता सूद, विनोद धीमान, रजनी सोनी, गुरमीत चावला, अमांश वेलफेयर सोसायटी की संस्थापक अमरजीत कौर संधू आदि मौजूद रहें।
फोटो - कार्यक्रम में संबोधित करते मुख्य अतिथि विधायक घनश्याम दास अरोड़ा।
कार्यक्रम में लघु नाटिका की प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते मुख्य अतिथि व अन्य।
कार्यक्रम में लघु फिल्म देखते मुख्य अतिथि व अन्य।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग व विद्यार्थी।