मांडे बिगहा सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी ने विभिन्न स्टॉलों का किया निरीक्षण, लाभुकों को श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड, बैंक ऋण एवं जन्म प्रमाण-पत्र का वितरण
जहानाबाद, जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया ने ग्राम पंचायत मांडे बिगहा में आयोजित सहयोग शिविर में भाग लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद कोटा किरण कुमार भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से विभागवार उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, योजनाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में उपस्थित आमजन एवं लाभुकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए तथा संबंधित विभागों द्वारा 30 दिनों के भीतर आवेदनों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से संबंधित लाभुक रुनता देवी, किरण देवी, सुचित पासवान, मेनका सिन्हा एवं उषा देवी को श्रमिक कार्ड प्रदान किया गया। पात्र लाभुक रौशनी कुमारी, अंजू देवी एवं ललित देवी को राशन कार्ड दिया गया।
इसके अतिरिक्त जीविका के अंतर्गत होलिका स्वयं सहायता समूह, दिवाली स्वयं सहायता समूह एवं उड़हुल स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को बैंक ऋण का लाभ प्रदान किया गया। लाभुक दीदियों रिंकू कुमारी, प्रियंका कुमारी, मिथलेश देवी, मेनका सिन्हा एवं प्रियंका कुमारी को प्रथम किस्त की राशि प्रदान की गई। संबंधित समूहों को कुल 5 करोड़ 10 हजार रुपये की राशि का वितरण किया गया।
शिविर के दौरान ग्राम बजितपुर, खारौना निवासी सुलेश कुमार एवं सरोजा देवी की पुत्री खुशी कुमारी को जन्म प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सहयोग शिविर में प्राप्त मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा लंबित आवेदनों का 30 दिनों के अंदर गुणवत्तापूर्वक निष्पादन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें और उपलब्ध विभागीय सेवाओं का लाभ उठाएं। सहयोग शिविर का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।