सहयोग शिविर में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं, कई मामलों का मौके पर हुआ निपटारा
जहानाबाद। “विकसित भारत, समृद्ध बिहार” के संकल्प के साथ आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को सिकरिया थाना क्षेत्र के पंचायत भवन, मान्देबिगहा में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, जहानाबाद की संयुक्त अध्यक्षता में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना। मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को जनसमस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निवारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
शिविर में मुख्य रूप से भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों में संबंधित विभागों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही समस्याओं का निवारण किया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस की ओर से कहा गया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और बेहतर जनसेवा प्राथमिकता है। इसके लिए पंचायत स्तर पर इस तरह के सहयोग शिविरों का आयोजन लगातार किया जा रहा है।