प्रेस विज्ञप्ति
जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई
13 सितंबर 2026
जमुई: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जमुई के तत्वावधान में आज जमुई प्रखंड अंतर्गत मंझवे पंचायत में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता श्री यशवर्धन एवं पारा विधिक सेवक स्मिता कुमारी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की "आश्रय गृहों में रहने वाली विधवाओं को न्याय तक पहुँच सुनिश्चित करना" योजना के प्रति ग्रामीण महिलाओं और स्थानीय निवासियों को जागरूक करना था।
जागरूकता शिविर को सम्बोधित करते हुए पैनल अधिवक्ता श्री यशवर्धन ने आश्रय गृहों में रह रही विधवाओं के विधिक अधिकारों और समाज में उन्हें मुफ़्त न्याय मिलने की पूरी प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस योजना का मूल ध्येय असहाय व आश्रय गृहों में निवास करने वाली महिलाओं को निःशुल्क कानूनी सहायता और सामाजिक सुरक्षा चक्र से जोड़ना है। इसके तहत महिलाओं को अनुभवी वकीलों के माध्यम से बिना किसी शुल्क के विधिक सलाह और सहायता दी जाती है। साथ ही उन्हें विभिन्न कल्याणकारी सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने, उनके पहचान पत्र व बैंक खाते बनवाने, संपत्ति एवं उत्तराधिकार के कानूनी अधिकारों का संरक्षण करने तथा उन्हें समाज में सम्मानजनक जीवन के साथ पुनस्थापित करने में पूरी मदद की जाती है।
इसके अतिरिक्त, शिविर में प्राधिकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही अन्य सेवाओं की भी जानकारी दी गई। पैनल अधिवक्ता ने उपस्थित ग्रामीणों को निःशुल्क विधिक सेवा, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता सुलह केंद्र एवं स्थाई लोक अदालत के माध्यम से मुकदमों के त्वरित, सुलभ और सौहार्दपूर्ण निस्तारण के फायदों से अवगत कराया। इस अवसर पर मंझवे पंचायत की मुखिया श्रीमती मंजू देवी, सरपंच श्रीमती सुनीता देवी, ग्राम कचहरी सचिव श्रीमती अनुराधा कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएँ उपस्थित रहीं।
Jamui, Bihar | Sep 13, 2026