प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
12 सितंबर 2026
शीर्षक: जमुई सिविल कोर्ट में आज राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन। आपसी सुलह से त्वरित न्याय पाने के लिए लोगों में दिखा जबरदस्त उत्साह।
जमुई: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार आज सिविल कोर्ट परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अपर एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय, जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती मंजू श्री द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय ने राष्ट्रीय लोक अदालत को आम जनता के लिए राहतकारी बताते हुए कहा कि यह मंच बिना किसी आर्थिक बोझ और जटिल कानूनी प्रक्रियाओं के त्वरित न्याय प्रदान करता है। यहाँ आपराधिक सुलहनीय मुकदमों, मोटर दुर्घटना दावों, वैवाहिक विवादों, बैंक वसूली, बिजली बिल, श्रम एवं भूमि अधिग्रहण जैसे मामलों का समाधान आपसी सौहार्द से किया जाता है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहाँ किसी भी पक्ष की हार नहीं होती और फैसला अंतिम होने के कारण पक्षकार सालों-साल चलने वाली अदालती अपीलों के चक्कर से मुक्त हो जाते हैं।
वहीं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय कमला प्रसाद ने स्पष्ट किया कि लोक अदालत में निर्णय थोपने के बजाय दोनों पक्षों की स्वेच्छा और सहमति से वादों को सुलझाया जाता है। यही पारस्परिक सहमति इस व्यवस्था को त्वरित, प्रभावी और समय की बचत करने वाला बनाती है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने मुकदमों का निपटारा कर इस सुलभ मंच का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने लोक अदालत के प्रशासनिक और सामाजिक महत्त्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज लोक अदालत के अवसर पर उमड़ी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आमजन अब कचहरी के चक्कर लगाने के बजाय सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में जागरूक हो चुके है। आगे उन्होंने कहा कि लोक अदालत केवल मुकदमों के निपटारे का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने और पारिवारिक एवं व्यक्तिगत शांति बहाल करने का एक अत्यंत संवेदनशील और व्यावहारिक मंच है। आगे उन्होंने कहा कि यहाँ मामलों का समाधान कर पक्षकार न केवल अपने कीमती समय और धन की बचत करते हैं, बल्कि वर्षों पुराने मानसिक तनाव से मुक्त होकर सुकून का जीवन जी सकते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी प्रशासनिक और न्यायिक टीम के प्रयासों और उनके बीच स्थापित बेहतर संबंध में भावना की सराहना करते हुए उपस्थित सभी पक्षकारों को बधाई दी।
पुलिस अधीक्षक ने सशक्त संदेश देते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत "न्याय सबके लिए" के परम संकल्प को धरातल पर साकार करने का सबसे सशक्त माध्यम है। पुलिस और कानून व्यवस्था का मूल उद्देश्य समाज में शांति स्थापित करना है, और लोक अदालत बिना किसी अदालती शुल्क के आम नागरिकों को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ न्याय देकर इसी उद्देश्य को पूरा करती है। उन्होंने बल देकर कहा कि वर्षों तक चलने वाली कानूनी प्रक्रियाओं के बजाय एक ही छत के नीचे आपसी सहमति से विवाद खत्म करना समाज में भाईचारे को बढ़ावा देता है।
कार्यक्रम में जिला विधिक संघ के अध्यक्ष सीताराम सिंह ने भी अपने संबोधन में इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव श्रीमती मंजू श्री ने उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों, न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक पदाधिकारियों एवं पक्षकारों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, समस्त न्यायिक पदाधिकारी, सम्मानित विद्वान अधिवक्तागण सहित विभिन्न प्रकार के वादों के समाधान हेतु आए पक्षकार उपस्थित रहे।
Jamui, Bihar | Sep 12, 2026