वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देते हुए मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने खरीदे बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों द्वारा निर्मित दीये
स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देकर आत्मनिर्भरता एवं स्वदेशी अपनाने का दिया संदेश
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फॉर लोकल के संकल्प को साकार करने एवं स्थानीय स्तर पर निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीये खरीदकर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री भूरिया ने बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों की रचनात्मकता, कौशल एवं मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि वोकल फॉर लोकल अभियान केवल स्थानीय उत्पादों की खरीदारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागिता का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि बाल संप्रेक्षण गृह के बालकों द्वारा निर्मित दीये उनकी सृजनशीलता, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच का प्रतीक हैं। ऐसे प्रयास बालकों में कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को अपनाकर हम न केवल स्वदेशी को बढ़ावा देते हैं, बल्कि स्थानीय कारीगरों एवं प्रतिभाओं के आर्थिक तथा सामाजिक सशक्तिकरण में भी योगदान देते हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने आमजन से दीपावली सहित विभिन्न पर्वों एवं दैनिक जीवन में स्थानीय स्तर पर निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का छोटा-सा प्रयास स्थानीय प्रतिभाओं को नई पहचान देने तथा आत्मनिर्भर एवं समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya #Jhabua #JansamparkMP