कलेक्टर डॉ. भरसट की अभिनव पहल के तहत प्राथमिक विद्यालय पीथनपुर में आयोजित हुआ तिथि भोज
जन्मदिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के साथ साझा की खुशियां, सामुदायिक सहभागिता एवं सेवा भावना को मिला प्रोत्साहन
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले के शासकीय विद्यालयों में सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने एवं विद्यार्थियों के साथ विशेष अवसरों की खुशियां साझा करने के उद्देश्य से तिथि भोज के नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला योजना अधिकारी श्रीमती हेलेन वसुनिया की पुत्री शर्ली के जन्मदिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय पीथनपुर, झाबुआ में विद्यार्थियों के साथ तिथि भोज का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वादिष्ट एवं पौष्टिक भोजन कराया गया तथा उनके साथ जन्मदिवस की खुशियां साझा की गईं। आयोजन के माध्यम से बच्चों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।
कलेक्टर डॉ. भरसट की इस अभिनव पहल का उद्देश्य जन्मदिवस एवं अन्य विशेष अवसरों पर शासकीय विद्यालयों एवं हॉस्टल में तिथि भोज के आयोजन को प्रोत्साहित कर समाज एवं विद्यालयों के बीच सकारात्मक जुड़ाव स्थापित करना है। साथ ही विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशीलता, सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग एवं सेवा भावना को बढ़ावा देना है।
तिथि भोज जैसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए खुशी के अवसर बनते हैं, बल्कि समाज में सामुदायिक सहभागिता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सशक्त करते हैं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP