त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई, पांच प्रतिष्ठानों से मिठाई एवं नमकीन के 11 नमूने लिए
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार की जा रही जांच
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन में जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा जिले के विभिन्न मिठाई एवं नमकीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच हेतु पांच प्रतिष्ठानों से कुल 11 नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान जैन आइसक्रीम एंड रेस्टोरेंट से मावा, पिस्ता बर्फी एवं गुलाब जामुन, बीकानेर स्वीट्स एंड नमकीन से काजू कतली एवं आटा लड्डू, श्री कृष्ण स्वीट्स एंड नमकीन से सेव एवं मिक्सचर, मोहन उपहार गृह से मावा एवं सेव नमकीन तथा जोधपुर मिष्ठान भंडार से मलाई बर्फी एवं बेसन लड्डू के नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा बताया गया कि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner General Administration Department, MP #Jhabua #JansamparkMP