#बलरामपुर; एसपी ने किया रेहरा बाजार थाने का औचक निरीक्षण, खामियां मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी...
बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सोमवार को थाना रेहरा बाजार का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय, बैरक, मालखाना, हवालात और मिशन शक्ति केंद्र की गहन जांच की। एसपी ने मातहतों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई और कानून-व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कार्यालय के अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित विवेचनाओं, आईजीआरएस प्रकरणों और शिकायती प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही फरार व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और संदिग्ध वाहनों/व्यक्तियों की नियमित चेकिंग के आदेश दिए।
महिला सुरक्षा और रात्रि गश्त पर विशेष जोर
एसपी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण करते हुए उन्होंने महिलाओं व बच्चों से संबंधित अपराधों में तत्परता से कार्रवाई करने की बात कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई और अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।