बलरामपुर; राप्ती के तांडव के बीच युद्धस्तर पर कटान रोधी कार्य जारी, कोड़री घाट तटबंध पूरी तरह सुरक्षित...
डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन ने स्थल पर पहुंचकर कटान रोधी उपायों का लिया जायजा
100 से अधिक मजदूर और भारी मशीनरी तैनात; 24 घंटे सतत निगरानी के सख्त निर्देश
बलरामपुर : राप्ती नदी के उफान और जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच कोड़री घाट पर तटबंध की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने बाढ़ खंड द्वारा कराए जा रहे कटान रोधी एवं तटबंध सुरक्षा कार्यों का औचक स्थलीय निरीक्षण किया। मौके पर युद्धस्तर पर चल रहे बचाव कार्यों के कारण राप्ती के बाएं तट पर कटान फिलहाल स्थिर हो गया है और तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है।
मौके पर तैनात 100 से अधिक श्रमिक
निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिशाषी अभियंता भरतराम ने डीएम को बताया कि नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए 100 से अधिक श्रमिकों को दिन-रात काम पर लगाया गया है। संवेदनशील स्थानों को बचाने के लिए बम्बू क्रेट, पॉर्क्युपाइन, जियो सीट, ट्री स्पर, नायलॉन क्रेट और गेबियन क्रेट का व्यापक इस्तेमाल किया जा रहा है।
सामग्री का पर्याप्त रिजर्व स्टॉक रखने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि तटबंध की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चौबीसों घंटे निगरानी: संवेदनशील स्थलों पर बाढ़ खंड की टीम 24 घंटे पैनी नजर रखे।
रिजर्व स्टॉक: किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए जियो सीट, क्रेट और आवश्यक सामग्री का पर्याप्त बैकअप साइट पर हर समय मौजूद रहे।
मशीनरी अलर्ट: जलस्तर बढ़ते ही तुरंत कार्रवाई के लिए भारी मशीनरी को ऑन-स्पॉट अलर्ट मोड पर रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता विजय सिंह, अनिरुद्ध प्रताप, अंकित वर्मा, अनुज कुमार और आपदा विशेषज्ञ अरुण सिंह सहित बाढ़ खंड के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur