#बलरामपुर ! पुलिस कार्यालय का नवागत SP मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश...
बलरामपुर। नवागत पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने सोमवार को एकाएक पुलिस अधीक्षक कार्यालय का औचक निरीक्षण कर पूरे महकमे में हलचल मचा दी। निरीक्षण के दौरान SP ने कार्यालय की तमाम प्रमुख शाखाओं—प्रधान लिपिक, आंकिक, वाचक, आईजीआरएस, पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन, आरटीआई, विशेष जांच प्रकोष्ठ और सोशल मीडिया सेल—का जायजा लिया और अभिलेखों की गहनता से जांच की।
कार्यालय व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से SP ने अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए:
समयबद्धता और शिष्टाचार: सभी पुलिसकर्मी और लिपिक समय पर कार्यालय पहुंचे। जनसामान्य और आगंतुकों के साथ व्यवहार शिष्ट और सहयोगात्मक होना चाहिए।
IGRS शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण: आईजीआरएस, जनसुनवाई और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करें। डिफॉल्टर सूची से बचने के लिए दैनिक समीक्षा के निर्देश दिए गए।
सत्यापन कार्यों में तेजी: पासपोर्ट, चरित्र सत्यापन और अन्य लंबित जांचों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।
अभिलेख और स्वच्छता: फाइलों का रखरखाव अद्यावधिक व सुरक्षित रखा जाए। साथ ही कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और फरियादियों के बैठने का समुचित प्रबंध हो।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक, वाचक SP, प्रधान लिपिक समेत सभी शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
#balrampur #balrampurpolic