बेटी पर पिता की हत्या का आरोप, प्रेमी संग गिरफ्तार; शव नहर से बरामद...
#बस्ती। जिले के एक गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि एक युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जा रहा है कि कृष्ण कुमार ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को खेत से चारा काटकर लाने के लिए भेजा था। काफी देर तक बेटी के वापस नहीं लौटने पर पिता उसे तलाशते हुए खेत की ओर पहुंच गए। आरोप है कि वहां उन्होंने अपनी बेटी को गांव के ही एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
इस पर पिता ने युवक को थप्पड़ मारा और दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान युवती ने पास में रखे हंसिये से अपने पिता पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
आरोप है कि इसके बाद युवती और उसके प्रेमी ने शव को पास की नहर में फेंक दिया। शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।