राष्ट्रीय सेवा योजना ने मनाया पोषण आहार सप्ताह
बड़वानी 07 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी में प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य एवं जिला संघटक डॉ आर एस मुजाल्दा के निर्देशन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा 1 से 7 सितंबर 2026 तक पोषण आहार सप्ताह का आयोजन किया गया। सप्ताह के अंतर्गत गोद ग्राम बड़गांव एवं बड़वानी शहर की बस्तियों में पोषण आहार रैलियों, नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगो को जागरूक किया गया । विद्यार्थियों में संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। पोषण आहार सप्ताह के अंतर्गत महाविद्यालय में विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विशेष वक्ता के रूप में डॉ. सुखलाल मुवेल एवं डॉ. भूपेंद्र भार्गव उपस्थित रहे। अपने संबोधन में डॉ. सुखलाल मुवेल ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क के लिए संतुलित आहार अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को अपने दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, मौसमी फल, दालें, अनाज, दूध एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पोषण केवल पर्याप्त भोजन लेने का विषय नहीं है, बल्कि सही मात्रा में सही पोषक तत्वों का सेवन करना भी उतना ही आवश्यक है। डॉ. भूपेंद्र भार्गव ने कहा कि वर्तमान समय में अनियमित खान-पान और जंक फूड के बढ़ते सेवन के कारण युवाओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय एवं पारंपरिक पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपने आहार में शामिल करने तथा संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की आधारशिला हैं।”
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रणजीत सिंह मेवाड़े ने स्वयंसेवकों एवं उपस्थित विद्यार्थियों को पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं स्वस्थ रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी पोषण के प्रति जागरूकता फैलानी चाहिए। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे पोषण संबंधी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रंजना चौहान द्वारा अतिथियों, प्राचार्य, प्राध्यापकगण एवं स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी प्रो. वीरेन्द्र मुजाल्दा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं स्वयंसेवक रविना गवले, वैष्णवी वर्मा, मयंक डावर, जय वास्कले, मनदीप, रंजना राष्ट्रीय सेवा योजना के लगभग 125 स्वयंसेवकों ने सहभागिता की एवं कार्यक्रम से लाभान्वित हुए।
16 views | Barwani, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026