सेवा ही संकल्प अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता
जहानाबाद : बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, पटना के निर्देश पर जिले के सरकारी व निजी विद्यालयों में ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का विषय ‘प्रधानमंत्री के सेवा कार्य एवं विकसित भारत की संकल्पना’ रखा गया है। 17 सितंबर से सात अक्टूबर तक विभिन्न स्तरों पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
प्रतियोगिता के प्रथम चरण में 17 से 19 सितंबर तक विद्यालय स्तर पर कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगिता हो रही है। इसमें छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इसके बाद 21 से 23 सितंबर तक कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता होगी।
दूसरे चरण में 24 सितंबर को संकुल स्तर पर विद्यालय स्तर से चयनित कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसके बाद 26 से 28 सितंबर तक प्रखंड स्तर तथा 29 सितंबर को जिला स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति क्षमता और विकसित भारत के संकल्प के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यार्थियों की बनाई चित्रकला को विभिन्न स्तरों पर प्रदर्शित भी किया जाएगा। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।