सार्वजनिक परिसंपत्तियों का होगा कायाकल्प, 30 नवंबर तक पुराने कार्य पूरे करने का लक्ष्य
जहानाबाद : जिले की पुरानी एवं जर्जर सार्वजनिक परिसंपत्तियों को अब बेहतर, स्वच्छ और सुदृढ़ स्वरूप दिया जाएगा। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। जहानाबाद से जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया सहित संबंधित पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
अभियान के तहत विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत सरकार भवन, स्वास्थ्य संस्थान समेत अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों में जरूरत के अनुसार मरम्मत, रंग-रोगन, साफ-सफाई, रखरखाव और नवीनीकरण के कार्य किए जाएंगे। कार्यों की प्रगति की निगरानी के लिए ‘कायाकल्प पोर्टल’ भी शुरू किया गया है। इसमें चिह्नित परिसंपत्तियों और कराए जा रहे कार्यों की जानकारी अपलोड की जाएगी।
कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सार्वजनिक परिसंपत्तियों का भौतिक सत्यापन कर जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, आइसीडीएस, पंचायती राज और ग्रामीण विकास विभाग को आपसी समन्वय से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने को कहा।
विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बिजली, भवन, रंग-रोगन और साफ-सफाई समेत आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की जांच कर चरणबद्ध तरीके से मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। जहां नए भवन के लिए भूमि की जरूरत है, वहां भूमि की पहचान, मापी और सीमांकन शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने ‘आदर्श ग्राम’ की अवधारणा के तहत चयनित गांवों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के कन्वर्जेंस से समेकित विकास पर भी जोर दिया। उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष को अभियान की नियमित निगरानी और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
अभियान के तहत पुरानी परिसंपत्तियों की मरम्मत व नवीनीकरण का कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं नई आधारभूत संरचनाओं से जुड़े कार्य 31 मार्च 2027 तक पूरे किए जाने हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया।